Nothing जल्द भारत में पेश कर सकती है स्मार्टवॉच, 11 जुलाई को लॉन्च होगा Nothing Phone 2

देश में स्मार्टवॉच की बिक्री तेजी से बढ़ रही है। वियरेबल डिवाइसेज बनाने वाली बहुत सी कंपनियां अपनी स्मार्टवॉच लॉन्च
कर रही हैं। इसी कड़ी में Nothing की स्मार्टवॉच भी जल्द लॉन्च हो सकती है। हालांकि, इससे पहले Nothing Phone 2 को लॉन्च किया जाना है। यह Nothing Phone 1 की जगह लेगा। कंपनी ने दो स्टीरियो ईयरफोन, Nothing Ear 1 और Nothing Ear Stick भी लॉन्च किए हैं। Nothing की स्मार्टवॉच को BIS सर्टिफिकेशन साइट पर देखा गया है।

जानिए क्या कहा टिपस्टर ने

टिप्सटर Mukul Sharma (@stufflistings) ने BIS सर्टिफिकेशन साइट पर स्मार्टवॉच की कैटेगरी में Nothing का डिवाइस देखा है। लीक हुई जानकारी से इस वर्ष के अंत तक इस स्मार्टवॉच को लॉन्च करने का संकेत मिल रहा है। हालांकि, इसे Nothing Phone 2 के साथ लॉन्च किया जाना मुश्किल है। Nothing Phone 2 को 11 जुलाई को लॉन्च किया जाएगा और यह Flipkart के जरिए खरीदारी के लिए उपलब्ध होगा। Nothing की शुरुआत OnePlus के को-फाउंडर, Carl Pei ने की थी। Carl ने फरवरी में स्मार्टवॉच के बारे में एक ट्वीट में कहा था कि उन्होंने Samsung की एक स्मार्टवॉच खरीदी है लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि इसका क्या इस्तेमाल करना है। एक यूजर ने उनसे पूछा था कि क्या उनकी फर्म की स्मार्टवॉच सेगमेंट में जाने की योजना है, इस पर उनका कहना था कि वह इस कैटेगरी के बारे में सीख रहे हैं।

Nothing Phone 2 के लिए फ्लिपकार्ट पर एक अलग माइक्रोसाइट बनाई गई है

Nothing Phone 2 के लिए फ्लिपकार्ट पर एक अलग माइक्रोसाइट बनाई गई है। इस पर Nothing Phone 2 के स्पेसिफिकेशंस की जानकारी दी जा रही है। इसका डिजाइन Nothing Phone 1 के समान हो सकता है। हालांकि, Carl ने इसके डिजाइन में कुछ बदलाव होने का संकेत दिया है। कंपनी ने दो वर्ष पहले Nothing Ear 1 ईयरबड्स और पिछले वर्ष Nothing Phone 1 की बिक्री के लिए फ्लिपकार्ट के साथ टाई-अप किया था। फ्लिपकार्ट पर लिस्टिंग में बताया गया है कि इस स्मार्टफोन में Snapdragon 8+ Gen 1 SoC दिया जाएगा।

पर्यावरण को लेकर सजगता रखने वाली इस कंपनी ने Nothing Phone 2 को बनाने में रिसाइकल्ड मैटीरियल का इस्तेमाल करने का फैसला किया है। Nothing Phone 2 की भारत में मैन्युफैक्चरिंग की जाएगी। हालांकि, यह कंपनी का भारत में असेंबल होने वाला पहला स्मार्टफोन नहीं है। पिछले वर्ष इसने बताया था कि Nothing Phone 1 की भारत में मैन्युफैक्चरिंग होगी। इसका कहना था कि देश में 270 से अधिक कस्टमर सर्विस सेंटर्स शुरू किए जाएंगे।

Leave a Comment